Site icon जनता की आवाज

दिल्ली पुलिस की खास पहल, FM से मिलेगा लोगों को लाइव ट्रैफिक अपडेट, जानें- कैसे मिलेगी जानकारी

Delhi Traffic Police

Delhi Traffic Police

दिल्ली की सड़कों पर लगने वाले जाम से लोगों को बचाने के लिए ट्रैफिक जाम की जानकारी देने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस एफएम चैनलों की मदद लेगी। दिल्ली पुलिस ने एफएम चैनलों के साथ इसके करार किया है। जिसके बाद जल्द ही अब दिल्ली की सभी सड़कों का लाइव ट्रैफिक अपडेट एफएम चैनलों सुना जा सकेगा। ट्रैफिक द्वारका रेंज और पब्लिक इंटरफेस यूनिट के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि दिल्ली में 1.22 करोड़ से ज्यादा वाहन पंजीकृत हैं।

कार चलाते हुए लोग अकसर रेडियो एफएम सुनते हैं। ऐसे में पुलिस अब लोगों को रेडियो पर ट्रैफिक अपडेट उपलब्ध करवाएगी। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक ट्रैफिक अपडेट पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि यात्रियों को वीवीआईपी वाहनों की आवाजाही, विशेष इंतजाम, धरना, प्रदर्शन आदि की भी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे उसी हिसाब से अपनी यात्रा तय कर सकें। हमने इस माध्यम को इसलिए चुना है कि हमें लगता है कि यह हमारे और यात्रियों, दोनों के लिए सुविधाजनक है।

रेडियो तक कैसे पहुंचेगी जानकारी

अंकित सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस की पब्लिक इंटरफेस यूनिट (पीआईयू) को शहर के सभी इलाके से ट्रैफिक जाम आदि की सूचना मिलेगी। वह यह जनकारी जनसंपर्क अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। इसके बाद जनसंपर्क अधिकारी इस जानकारी को एफएम चैनलों को मुहैया कराएंगे। लोगों तक यात्रियों को मार्ग में परिवर्तन किये जाने की भी सूचना भी रेडियो के जरिए पहुंचाई जाएगी।

लोगों के बीच है रेडियो की पहुंच

यातायात जोन-2 के विशेष पुलिस आयुक्त सुरेंद्र यादव ने बताया कि हम एफएम रेडियो के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कर रहे हैं क्योंकि उनकी पहुंच ज्यादा है। खास तौर से यात्रियों, कैब और टैक्सी चालकों के बीच उनकी पहुंच अच्छी है। हम चाहते हैं कि उनके पास जाम सहित ट्रैफिक में अन्य बदलावों की जानकारी हो। अगर मार्ग में अचानक बदलाव किया जाता है या मौसम खराब होने का पूर्वानुमान है या फिर कहीं जाम लगने की आशंका है तो लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी ताकि वे अपनी यात्रा उसी अनुसार कर सकें।

अभी सोशल मीडिया पर देते हैं जानकारी

ज्ञात हो कि यातायात पुलिस शहर में यातायात की स्थिति पर लगातार अपने ट्विटर हैंडल साहित अन्य सोशल मीडिया के जरिए लोगों को दिल्ली के जाम, जलभराव और बंद किए गए रास्तों की जानकारी देती रहती है। इतना ही नहीं ट्रैफिक पुलिस सोशल मीडिया पर आने वाले शिकायतों को भी तुंरत जवाब देकर लोगों तक मदद पहुंचाने का काम करती है। अंकित सिंह ने बताया कि बारिश के बाद जलभराव ट्रैफिक जाम की सबसे बड़ी वजह है। हम सोशल मीडिया सहित सभी मंचों का उपयोग कर रहे हैं और दिल्ली पुलिस के ऐप ‘तत्पर’ के जरिए भी लोगों को राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैफिक की सूचना दे रहे हैं।

Exit mobile version