राज्यचर्चा मेदिल्लीपंजाबराजनीति

Congress AAP Meeting Delhi: क्या AAP की शर्तों पर राजी होगी कांग्रेस?

Congress AAP Meeting Delhi: दोस्तों आप और कांग्रेस नेताओं के एक-दूसरे दलों पर तीखे हमले के बीच ही दोनों दलों के बीच सोमवार को बैठक हुई। बैठक के बाद दोनों दलों की तरफ़ से जो कहा गया उसका संकेत दिल्ली में सीट बँटवारा संभव होने का मिलता है। दोनों दलों के नेताओं ने कहा कि चर्चा सकारात्मक और फलदायी रही। तो सवाल उठता है यह चर्चा कितनी फलदायी रही? क्या इतनी कि दोनों दल इंडिया गठबंधन के सहयोगी के रूप में दिल्ली, पंजाब और गुजरात में साथ मिलकर चुनाव लड़ सकें?

आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पार्टी सीट शेयरिंग में सफलता हासिल कर पाएंगे या नहीं इस पर सभी की नजर है। कांग्रेस की तरफ से जहां मीटिंग में मुकुल वासनिक और अशोक गहलोत जैसे नेता ने हिस्सा लिया तो वहीं आम आदमी पार्टी का पक्ष संदीप पाठक, आतिशी और सौरभ भारद्वाज की यंग ब्रिगेड ने रखा

हरियाणा में 3 सीटें चाहती है AAP

दोस्तों इस बैठक में सौहार्दपूर्ण माहौल में सीट शेयरिंग की बातचीत के दावे किए गए लेकिन उसके उलट आप की मांग ने कांग्रेस को तमाम विकल्पों और समीकरणों पर सोचने पर मजबूर कर दिया। सूत्रों के मुताबिक आप ने हरियाणा में 3 सीटें और गुजरात में एक सीट मांगी है। दिल्ली में वो कांग्रेस को सिर्फ 3 सीट देना चाहती है। हरियाणा में कांग्रेस के नेता आप की इस मांग से हैरान हैं। क्योंकि हरियाणा में आप का आधार बहुत कमजोर है। 2019 में हरियाणा विधानसभा के चुनाव लोकसभा चुनाव के बाद हुए थे। ,,विधानसभा चुनाव में आप को सिर्फ 0.48 फीसदी वोट मिले थे जो नोटा को मिले वोटों से भी कम है।

हालांकि आप प्रमुख खुद हरियाणा के रहने वाले हैं, पार्टी का संगठन भी कुछ जिलों तक सीमित है। इसके बावजूद आप लोकसभा की तीन सीटें मांग रही हैं। यानी विधानसभा के हिसाब से वो 21 विधानसभा सीटों को प्रभावित करना चाहती है। हरियाणा में त्रिकोणीय मुकाबला होता रहा है। जिसमें कांग्रेस-भाजपा और चौटाला परिवार की दो पार्टियां जेजेपी (JJP) और इनेलो (INLD) आपस में लड़ती रही हैं। चौटाला परिवार में फिलहाल जेजेपी ही प्रभावी है जबकि इनेलो अंतिम सांसे गिन रही है।

हरियाणा में आप ने 2019 के विधानसभा चुनाव में 90 सीटों में से 46 पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक आप के प्रत्याशी अपनी सीटों पर एक हजार वोट भी नहीं पा सके। केजरीवाल अपने गृह राज्य में चुनाव प्रचार तक के लिए नहीं गए क्योंकि उन्हें अंदरुनी स्थिति पता थी। अगर वो प्रचार के लिए जाते तो यह हार उनके नाम लिखी जाती।

दिल्ली में 3 सीटें देने को राजी तो गुजरात में 1

आप ने लोकसभा चुनाव 2019 में 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 40 से ज्यादा प्रत्याशी उतारे थे। लेकिन उसे सिर्फ पंजाब की संगरूर सीट पर जीत हासिल हुई थी। जबकि उसी पंजाब में 2014 के लोकसभा चुनाव में आप ने चार सीटें जीतकर सभी को हैरान कर दिया था। आप दिल्ली में कांग्रेस को सिर्फ 3 सीटें देना चाहती है। लेकिन उसने 2019 के अपने रेकॉर्ड पर गौर नहीं किया। 2019 में आम आदमी पार्टी एक भी लोकसभा सीट जीत नहीं सकी थी। दक्षिणी और उत्तर पश्चिमी दिल्ली में उसके प्रत्याशी जरूर दूसरे नंबर पर रहे थे लेकिन बाकी पांच सीटों पर उसके प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे थे। उसे दिल्ली में 18.10 फीसदी वोट मिले थे।

दिल्ली के मतदाताओं ने पिछले दो लोकसभा चुनावों में बहुत स्पष्ट बता दिया कि विधानसभा के स्तर पर वो आप को ही पसंद करते हैं लेकिन लोकसभा में वो कांग्रेस और भाजपा को अपनी पसंद के हिसाब से वोट देते हैं। लेकिन आप के नेता 2022 में दिल्ली नगर निगम के चुनाव में मिली जीत का हवाला देते हुए दावा जता रहे हैं। एमसीडी चुनाव में आप के 134 पार्षद जीते थे, जबकि भाजपा के 103 जीते और कांग्रेस सिर्फ 9 वार्डों में जीत सकी थी।

आप ने जिस तरह से दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में कांग्रेस को सीटों का ऑफर दिया है उसी वजह से सोमवार को कोई बात नहीं बन पाई। अब दोनों पक्ष एक बैठक और करेंगे। लेकिन हरियाणा और पंजाब कांग्रेस के नेताओं के सख्त रुख की वजह से कांग्रेस शायद ही आप की शर्तें माने।

आप नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तो हाल ही में कह दिया था कि सभी सीटों पर आप चुनाव लडे़गी।, मान ने कह दिया था कि दिल्ली और पंजाब में कोई माँ अपने बच्चे को सबसे छोटी कहानी ‘एक थी कांग्रेस’ सुना सकती है। इस पर कांग्रेस के एक नेता संदीप दीक्षित ने कह दिया था कि आने वाले समय में माँएँ अपने बच्चों को कहानी सुनाएँगी कि ‘एक पार्टी थी जो तिहाड़ जेल में है’। पवन खेड़ा ने कह दिया था, ‘वैसे एक भोजपुरी पिक्चर का नाम है ‘एक था जोकर’। आपने तो देखी ही होगी?’

क्या पंजाब में होगा AAP और कांग्रेस का गठबंधन

सितंबर 2023 में पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने राज्य की 13 लोकसभा सीटों के लिए आप के साथ गठबंधन करने के किसी भी कदम का कड़ा विरोध किया था। चंडीगढ़ के अलावा पंजाब में कुल 13 संसदीय सीटें हैं। फिलहाल पंजाब से कांग्रेस के छह सांसद हैं।

पंजाब में आप की सरकार है। यहां पर उसने कांग्रेस को 6 सीटें आवंटित करने की इच्छा जताई है। हालांकि अभी तो कांग्रेस की राष्ट्रीय चुनाव समिति के संयोजक मुकुल वासनिक के बयान पर ही भरोसा करना पडे़गा। जिन्होंने सोमवार की बातचीत के बाद पीटीआई से कहा था- “चर्चा के दौरान क्या हुआ, इसका खुलासा करना उचित नहीं है। कुछ समय इंतजार करना होगा। हमने पहले ही एक साथ चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है। कांग्रेस और आप इंडिया गठबंधन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।” आपको क्या लगता है क्या काँग्रेस आप का ऑफर स्वीकार करेगी या नहीं अपनी राय कमेन्ट कर जरूर बताएँ

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button